इटारसी। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। इटारसी रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम से महाराजा वेयर इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे सीमेंट से भरे एक ट्रक को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। ट्रक में करीब 500 बोरी सीमेंट लदी थी, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक एमपी 09 एचजी 9910 के मालिक सुरेंद्र पाल सिंह भाटिया हैं। ट्रक चालक सोनू वर्मा शाम को रैक से सीमेंट लोड कर अनलोडिंग के लिए वेयरहाउस पहुंचा था। शाम करीब 7 बजे काम रुकने के बाद, ट्रक को सुरक्षित लॉक कर दिया गया था ताकि अगली सुबह उसे खाली किया जा सके। लेकिन जब सुबह चालक वेयरहाउस पहुंचा, तो वहां से ट्रक गायब था।
वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चोरी की पुष्टि हुई। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि रात के समय एक अज्ञात व्यक्ति ट्रक के कंडक्टर साइड से अंदर दाखिल हुआ और ट्रक स्टार्ट कर उसे परिसर से बाहर ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई है।
थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि मामले को जांच में लिया है, सीसीटीवी फुटेज चेक कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर रही है। आसपास के थानों और नाकों को अलर्ट कर दिया है। जल्द ही ट्रक और आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।









