इटारसी। शहर के बाजार क्षेत्र में मंगलवार को नगर पालिका के राजस्व अमले ने दुकानों के बाहर रखे अवैध सामान और होर्डिंग्स पर कार्रवाई की। हालांकि, यह कार्रवाई महज एक सरकारी औपचारिकता बनकर रह गई। नपा की टीम जैसे ही आगे बढ़ती, दुकानदार पीछे से फिर अपना सामान सड़क पर सजा लेते।
नगर पालिका के अमले ने पहली लाइन, बजाजी लाइन, चिकमंगलूर चौराहा और जय स्तंभ चौक के आसपास कार्रवाई की। इस दौरान सड़क पर रखे सामान और बोर्ड को लेकर दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई और न्यूनतम राशि के चालान काटे गए। कार्रवाई के दौरान सामान अंदर होता है, अमले के जाते ही सड़क फिर से संकरी हो जाती है। दुकानदारों की जिद और प्रशासन की सुस्ती बाजार के कुछ दुकानदार प्रशासन को सहयोग करने के मूड में नहीं दिखते।
कुछ दुकानदार ऐसे हैं कि वे चालान भरने को तैयार हैं, लेकिन सड़क से सामान हटाने को नहीं। वहीं, नगर पालिका प्रशासन भी सख्त कदम उठाने के बजाय केवल खानापूर्ति के लिए रेवेन्यू (राजस्व) जुटाने तक सीमित नजर आ रहा है। पिस रही है आम जनता प्रशासन और दुकानदारों की इस खींचतान में आम राहगीर सबसे ज्यादा परेशान हैं। अतिक्रमण के कारण बाजार में पैदल चलने तक की जगह नहीं बचती, जिससे तंग आकर ग्राहक अब शहर के मुख्य बाजार के बजाय मॉल का रुख करने लगे हैं। नगर पालिका की राजस्व टीम का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा









