इटारसी। शहर के बड़ा तुलसी चौक स्थित मजदूर संघ समिति ने सोमवार को हर्षोल्लास के साथ अपना 14 वा स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर समिति कार्यालय में वार्षिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान विश्वकर्मा और भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
मजदूरों के हितों पर मंथन और संकल्प
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा साझा किया और मजदूरों के कल्याण हेतु शासन द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को हर पात्र मजदूर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यस्थलों पर होने वाले मजदूरों के शोषण और सुरक्षा उपकरणों के अभाव जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। समिति ने मजदूरों के हक और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लडऩे की प्रतिज्ञा ली।
स्थापना दिवस की खुशी में लड्डू बांटकर मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी मजदूरों और पदाधिकारियों ने एक साथ मिलकर दाल-बाटी का आनंद लिया, जो आपसी एकता और भाईचारे का प्रतीक बना।
इस कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक सुरेश करिया, अजय राजपूत, सचिव तुलसीराम कुशवाहा, कोषाध्यक्ष लीलाधर सांजयानी, अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा और कार्यभारी अध्यक्ष विनोद डोंगरे विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही नन्नू किशोर केवट, अशोक मासाब, अनिल केवट, हनीफ खान, गणेशराम चौरे, कन्हैयालाल सोलंकी, मुकेश मेहरा, समीर खान और परसराम बिल्लौरे सहित सैकड़ों मजदूर उपस्थित थे।









