इटारसी। भीषण ठंड के प्रकोप को देखते हुए सामाजिक संगठनों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्कूली बच्चों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। आज, राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी संगठन एवं श्री गौड़ मालवीय ब्राह्मण समाज महिला मंडल द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डोलरिया में एक नेक पहल की गई।
संगठन द्वारा माध्यमिक शाला की कक्षा छठवीं से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को ठंड से बचाव हेतु गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड के बीच नया विंडीचेटर पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी की जिला अध्यक्ष एवं महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना मालवीय, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती चांदनी शुक्ला और वरिष्ठ सलाहकार श्रीमती अर्चना राजेंद्र मालवीय उपस्थित रहीं। साथ ही संगठन सचिव किरण मालवीय, सदस्य श्रीमती रवीना चौहान और श्रीमती रेखा मालवीय ने बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें वस्त्र प्रदान किए।
विद्यालय की प्रभारी श्रीमती गीता देवी पंथी ने संगठन की इस संवेदनशीलता और नेक कार्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक मुकेश शुक्ला ने किया, जबकि माध्यमिक शाला की ओर से चंचलेश शेंद्रे ने आभार व्यक्त किया।









