इटारसी। वृंदावन गार्डन में सेवन स्टार ग्रुप द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ विश्राम हुआ। अंतिम दिन कथा व्यास साध्वी राधादेवी ने सुदामा चरित्र और व्यास महिमा का मर्मस्पर्शी वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
साध्वी राधादेवी ने कहा कि भक्त सुदामा ने जीवनभर घोर अभाव झेले, लेकिन अपने बाल सखा श्रीकृष्ण से कभी कुछ नहीं मांगा। उन्होंने केवल प्रेम और नाम जप किया। भगवान ने उनकी इसी निष्काम भक्ति से प्रसन्न होकर उन्हें बिना मांगे द्वारिका जैसा वैभव प्रदान किया।
जीवन की व्यथा मिटाती है कथा
महामंडलेश्वर भैयादास महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भागवत कथा जीवन के दुखों को हर लेती है, बशर्ते हम कथा में बताए मार्ग पर चलें। उन्होंने माता-पिता, साधु-संतों और दीन-दुखियों की सेवा को ईश्वर प्राप्ति का मार्ग बताया। कथा के विश्राम दिवस पर घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा बाई उइके ने भी साध्वी राधादेवी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजक सेवन स्टार ग्रुप के सदस्य जसवीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि इस वार्षिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक वातावरण निर्मित करना और समाज में शांति व सद्भाव का संदेश फैलाना है। कथा के दौरान प्रतिदिन सभी धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुए। कथा के समापन अवसर पर भंडारे का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने अंत में कथाव्यास साध्वी राधादेवी की ससम्मान विदाई की।









