इटारसी। अभिमन्यु बस्ती स्थित वृंदावन गार्डन में आयोजित हिंदू सम्मेलन भक्ति, अनुशासन और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। कलश यात्रा से शुरू हुए इस आयोजन ने नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक छटा
आचार्य पंडित सोमेश परसाई के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दिव्य महारुद्राभिषेक संपन्न हुआ। इसके पश्चात नर्मदा अष्टक पाठ और भव्य नर्मदा आरती की गई। श्रद्धालुओं के बीच अनुष्ठान में पूजित पवित्र रुद्राक्षों का वितरण भी किया गया, जिसे पाकर भक्त भावविभोर हो उठे।
प्रमुख वक्ताओं का मार्गदर्शन
सम्मेलन में मुख्य वक्ता ज्ञानराव बर्डे ने सनातन संस्कृति और राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया। कार्यक्रम में आरएसएस के विभाग प्रचारक नरेंद्र यादव की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरण को समय की आवश्यकता बताया।
कुशल नेतृत्व और सहयोग
पार्षद अमृता मनीष ठाकुर एवं मनीष ठाकुर ने मुख्य यजमान के रूप में कार्यक्रम का सफल नेतृत्व किया। आयोजन को भव्य बनाने में नगर संयोजक पंकज मनी पहाडिय़ा, मेधा तिवारी, सहसंयोजक अभिषेक तिवारी और भारती मंजीत कलोसिया सहित पूरी समिति की सराहनीय भूमिका रही।
वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागी बनकर सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की। यह सम्मेलन न केवल एक धार्मिक आयोजन रहा, बल्कि इसने समाज में सांस्कृतिक चेतना और एकता का एक सशक्त और अनुकरणीय संदेश प्रवाहित किया।









