इटारसी। परिवहन विभाग द्वारा नियमों के विरुद्ध संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ आज एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया गया। परिवहन आयुक्त और नर्मदापुरम कलेक्टर के निर्देशन में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती रिंकु शर्मा ने इटारसी बस स्टैंड पर औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाली 4 बसों को जब्त किया गया है।
2 लाख से अधिक का टैक्स बकाया
जांच के दौरान आरटीओ टीम ने पाया कि जब्त की गई बसों में से दो बसों पर 2 लाख रुपए से अधिक का मोटर व्हीकल टैक्स बकाया था। इसके अलावा, कई बसें बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों फिटनेस, बीमा आदि के सडक़ों पर दौड़ रही थीं। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर आरटीओ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों बसों को जब्त कर कार्यालय परिसर में खड़ा करवा दिया है।
बस संचालकों में हडक़ंप
इटारसी बस स्टैंड पर अचानक हुई इस सघन चेकिंग से बस संचालकों और चालकों में हडक़ंप की स्थिति बनी रही। कार्रवाई के दौरान कई बस संचालक अपने वाहनों के दस्तावेज दुरुस्त कराते नजर आए।
अधिकारियों का संदेश
आरटीओ श्रीमती रिंकु शर्मा ने बताया कि यह अभियान संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी और कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशों पर चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह की चेकिंग जारी रहेगी ताकि अवैध परिवहन पर लगाम लगाई जा सके।









