इटारसी। शहर की पॉश मानी जाने वाली न्यास कॉलोनी में पिछले एक साल से दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति से नागरिकों का आक्रोश चरम पर है। इस गंभीर समस्या को लेकर वार्ड पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एक बेहद कड़ा पत्र लिखकर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
पार्षद ने पत्र में हाल ही में इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों का हवाला देते हुए चेताया कि यदि इटारसी में पाइप लाइन नहीं बदली गई, तो यहां भी बड़ी जनहानि हो सकती है। पत्र में उल्लेख है कि अधिकारी कभी टेंडर तो कभी तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर जर्जर पाइप लाइन बदलने के काम को टाल रहे हैं, जबकि नागरिक लगातार बीमार हो रहे हैं।
पार्षद ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में दूषित पानी से कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी नगर पालिका अधिकारियों की होगी। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और प्रशासन से मांग की है कि लीकेज और पाइप लाइन की तकनीकी जांच तत्काल कराकर स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित किया जाए।









