इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने शनिवार को विभिन्न वार्डों का दौरा कर निर्माणाधीन विकास कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और उन्हें समय सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
अध्यक्ष श्री चौरे ने सबसे पहले वार्ड क्रमांक 6 में विधायक निधि से बन रही नाली के निर्माण का जायजा लिया। इसके बाद वार्ड क्रमांक 2 में उपाध्यक्ष निर्मल राजपूत के साथ 90 मीटर लंबी निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। अंत में उन्होंने वार्ड क्रमांक 21 में पुलिया निर्माण कार्य की प्रगति देखी और संतोष व्यक्त करते हुए ठेकेदार को इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर पार्षद जिम्मी कैथवास, राहुल प्रधान और ठेकेदार शुभम पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे।









