इटारसी। मकर संक्रांति की खुशियों में चाइनीज मांझा का जहर घोलने वालों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। मकर संक्रांति पर चाइनीज मांझे से होने वाली जानलेवा दुर्घटनाओं की आशंका के बाद, पुलिस प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया। इसी कड़ी में इटारसी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मांझा बेचते एक युवक को दबोचा है।
बंगाली कॉलोनी में पुलिस की दबिश
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंगाली कॉलोनी स्थित शुभरब किराना स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। थाना इटारसी की टीम ने घेराबंदी कर दुकान पर आकस्मिक छापा मारा, जहां दुकान संचालक सौरभ हालदार 25 वर्ष को प्रतिबंधित मांझा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से अवैध चाइनीज मांझा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब शहर के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी पैनी नजर रख रही है।
क्यों काल बना है चाइनीज मांझा?
प्लास्टिक और कांच के मिश्रण से बना यह मांझा इंसानों और पक्षियों के लिए किसी घातक हथियार से कम नहीं है। यह मांझा सूती धागे की तरह टूटता नहीं, जिससे गले या शरीर पर लगने पर यह गहरे घाव कर देता है। आसमान में उड़ते बेजुबान पक्षी अक्सर इसमें फंसकर अपनी जान गंवा देते हैं या अपाहिज हो जाते हैं। मैटेलिक कोटिंग होने के कारण यह बिजली के तारों के संपर्क में आने पर करंट का सुचालक बन जाता है।
पुलिस की अपील, सुरक्षित मनाएं त्योहार
थाना इटारसी ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान जनहानि रोकने के लिए चाइनीज मांझे का विक्रय और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई भी दुकानदार इसे बेचता पाया गया, तो उसका स्टॉक जब्त करने के साथ ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









