इटारसी। न्यास कॉलोनी में दूषित जल आपूर्ति और गंदगी की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा ने मंगलवार को अपनी पूरी टीम के साथ क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ ने स्पष्ट किया कि अगले 10 से 15 दिनों के भीतर नई पाइपलाइन चालू कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को स्थायी रूप से स्वच्छ पेयजल मिलना शुरू हो जाएगा।
अतिक्रमण पर सख्त रुख
निरीक्षण के दौरान सीएमओ रितु मेहरा ने पाया कि कई रहवासियों ने नालियों के चैंबरों पर अतिक्रमण कर उन्हें घरों के अंदर कर लिया है, जिससे सफाई में बाधा आ रही है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को काम करने से रोका गया, तो दंडात्मक कार्रवाई और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
जनप्रतिनिधियों ने उठाई मांग
मौके पर मौजूद जल सभापति गीता देवेंद्र पटेल और वार्ड पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं से अवगत कराया। सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई पाइपलाइन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, वहीं पार्षद ने गंदे पानी से फैलने वाली बीमारियों पर चिंता जताते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की।
टीम वर्क से होगा सुधार
जल विभाग प्रभारी आदित्य पांडे ने बताया कि जर्जर लाइनों को बदलने का काम युद्धस्तर पर जारी है। स्वास्थ्य विभाग अधिकारी मयंक अरोड़ा ने जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता अभियान चलाने की बात कही। निरीक्षण दल में अभियंता मीनाक्षी रावत सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।









