इटारसी। शहर की जल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और दूषित पानी की समस्या को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से आज नगर पालिका परिषद में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा और जल सभापति गीता देवेंद्र पटेल के नेतृत्व में हुई इस बैठक में शहर की संपूर्ण जल वितरण प्रणाली की समीक्षा की गई।
न्यास कॉलोनी की समस्या पर विशेष फोकस
बैठक में न्यास कॉलोनी सहित अन्य वार्डों से मिल रही गंदे पानी की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया। जल सभापति गीता देवेंद्र पटेल ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि नागरिकों को साफ पानी देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जहां भी बदबूदार पानी की समस्या है, वहां तत्काल जांच कर स्थायी समाधान किया जाए ताकि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो।
रूट प्लान और मॉनिटरिंग
सीएमओ रितु मेहरा ने जल विभाग की टीम को निर्देश दिए कि न्यास कॉलोनी को नई लाइन से जोडऩे का कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो, टंकियों की सफाई, फिल्टर प्लांट की कार्यक्षमता और वाल्व-मोटर की निरंतर निगरानी की जाए, शहर के सभी वार्डों के लिए जल आपूर्ति का नया रूट प्लान तैयार किया जाए ताकि वितरण में समानता रहे।









