इटारसी। सोमवार सुबह इटारसी के न्यास कॉलोनी बाईपास से रेलवे पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त मोहित पिता बट्टू चौधरी (30 वर्ष), निवासी ग्राम कांसखेड़ा, तहसील माखननगर (बाबई) के रूप में हुई है।
अब तक की मिला जानकारी के अनुसार शनिवार को मोहित अपने मामा और भाई से मिलने ग्राम सोना सांवरी आया था, जो वहां प्राइवेट नौकरी करते हैं। रविवार को वह अपनी बाइक से वापस अपने गांव कांसखेड़ा के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। सोमवार सुबह राहगीरों ने रेलवे पुलिया के पास खेड़ा क्षेत्र में उसका शव पड़ा देखा। पास ही उसकी बाइक भी गिरी हुई मिली।
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामला दुर्घटना और हत्या के बीच उलझा हुआ है। मोहित के चेहरे पर गहरे और गंभीर चोट के निशान मिले हैं, पुलिस को संदेह है कि शायद नशे की हालत में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई होगी, जिससे यह जानलेवा चोट आई। हालांकि, मौके की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही एसडीओपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा और टीआई गौरव सिंह बुंदेला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच रहे हैं। एस.आई. रजक प्राथमिक जांच कर रहे हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मोहित का एक छोटा भाई रोहित चौधरी है।






