ग्राम पंचायत को पेयजल व्यवस्था देने का मामला
इटारसी। जल संसाधन विभाग ने ग्राम पंचायत रानीपुर को तवानगर की पेयजल व्यवस्था तो हस्तांतरित कर दी है, लेकिन मामले में एक ही दिन में पंचायत स्वयं को असहाय महसूस करने लगी है। पंचायत सचिव ने योजना के खर्च
पर चिंता जताते हुए जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी मजबूरी बता दी तो लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने भी तकनीकि मदद के अलावा किसी प्रकार की मदद से इनकार कर दिया है। ऐसे में हस्तांतरण के बाद संकट खड़ा हो गया है।
अब जनप्रतिनिधि मामले में कलेक्टर से मिलकर जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर जाने वाले हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत रानीपुर अंतर्गत आने वाले तवानगर की पेयजल व्यवस्था अब तक जल संसाधन विभाग संभालता था। 22 जुलाई को विभाग ने यह व्यवस्था जनपद पंचायत सीईओ के एक पत्र के बाद ग्राम पंचायत
को हस्तांतरित कर दी है। अनुबंध पर सरपंच और रोजगार सहायक के हस्ताक्षर भी हैं। लेकिन, हस्तांतरण के वक्त पंचायत सचिव सुमेर सिंह कासदे मौजूद नहीं थे। सोमवार को जब वे आए तो उन्होंने पेयजल व्यवस्था पंचायत के
जिम्मे लेने में असमर्थता जताते हुए कहा कि पंचायत इस पर खर्च करने की स्थिति में नहीं है। जब जनपद सदस्य मनोज गुलबाके, पंच रीता सिंह, भूपेश साहू ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ से संपर्क किया तो उन्होंने
भी किसी प्रकार की मदद से इनकार कर दिया। अब इस मामले को लेकर जनपद सदस्य और पंच कलेक्टर से मिलने मंगलवार को होशंगाबाद जाएंगे।
कलेक्टर से मिलने जाएंगे तवानगर के जनप्रतिनिधि
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







