इटारसी। खेल और युवक कल्याण विभाग मध्य प्रदेश तथा जिला आर्चरी संघ नर्मदापुरम के तत्वावधान में संभाग स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता और चयन ट्रायल का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन पुरानी इटारसी के वीर सावरकर स्टेडियम (आर्चरी नोडल खेल विद्यालय) में किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश खेल विभाग की आर्चरी प्रभारी श्रीमती वाणी साहू सहायक संचालक, भोपाल इस प्रतियोगिता की गतिविधियों पर निरंतर नजर बनाए हुए हैं। इस ट्रायल्स में भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों के प्रतिभावान खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। इस दौरान इंडियन राउंड में 40 खिलाड़ी, रिकर्व राउंड में 19 खिलाड़ी और कंपाउंड राउंड में 18 खिलाड़ी शामिल हुए।
जबलपुर में राज्य स्तरीय प्रतिनिधित्व
जिला आर्चरी संघ के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने बताया कि इस संभाग स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 28 से 30 जनवरी तक जबलपुर में आयोजित होने वाले खेलो एमपी यूथ गेम्स में नर्मदापुरम और भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। नंदलाल अहिरवार, अनुशिखा दीक्षित, विवेक वर्मा, वंश मालवीय, देविका और गीतांजलि ने तकनीकी व्यवस्थाएं संभालीं। आयोजन की तैयारी और सफल संचालन में महेंद्र पचलानिया, धर्मेंद्र जोशी, विवेक वर्मा और संजय मालवीय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









