इटारसी। निर्वाचन आयोग द्वारा मध्य प्रदेश में चलाई जा रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बीच इटारसी में एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां ड्राफ्ट लिस्ट से नाम कटवाने के लिए अज्ञात लोग फर्जी नामों का सहारा लेकर आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। इस धांधली के विरोध में मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने मंगलवार को एसडीएम नीलेश शर्मा को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
परिजनों को बनाया गया निशाना
शिकायत के अनुसार, मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद के जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अथर खान और उनके परिवार को निशाना बनाते हुए उनकी पत्नी और बेटे के नाम पर आपत्ति ली गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस व्यक्ति के नाम से यह आपत्ति दर्ज की गई, उसने स्वयं स्वीकार किया है कि वह न तो संबंधित परिवार को जानता है और न ही उसने ऐसी कोई आपत्ति दर्ज कराई है। उसके नाम का गलत इस्तेमाल कर भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है।
प्रशासन से न्याय की गुहार
परिषद के नगर अध्यक्ष शेख रमजान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि झूठी आपत्तियां लगाने वाले गिरोह की पहचान कर उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए। बिना पुख्ता जांच के किसी भी नागरिक का नाम मतदाता सूची से न हटाया जाए। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि एसआईआर प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसी के साथ भेदभाव न हो।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष इमाम शाह, शेख हमीद, बाबू भाई, शेख साबिर खान, सत्तार भाई सहित परिषद के कई सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे। परिषद का कहना है कि यदि इन फर्जी आपत्तियों पर रोक नहीं लगी, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।









