इटारसी। शहर के होनहार युवाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। स्थानीय न्यास कॉलोनी निवासी और प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी अनुरुद्ध चंसौरिया के सुपुत्र प्रद्युम चंसौरिया ने अपनी कड़ी मेहनत से जिले का नाम रोशन किया है। प्रद्युम का चयन विश्व की जानी-मानी अमेरिकन आईटी कंसल्टिंग और आउटसोर्सिंग सॉफ्टवेयर कंपनी कॉग्निजेंट में हुआ है।
प्रद्युम को कंपनी की ओर से आधिकारिक कॉल लेटर प्राप्त हो चुका है। वे जल्द ही 6 माह के प्रशिक्षण के लिए चेन्नई रवाना होंगे। प्रद्युम की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि सही दिशा और निरंतर प्रयास से ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर जगह बनाई जा सकती है। प्रद्युम की प्रारंभिक शिक्षा इटारसी के वर्धमान स्कूल से हुई, जहां उन्होंने 12 वीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने भोपाल के प्रतिष्ठित एलएनसीटी कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग (बी.टेक) की डिग्री हासिल की। प्रद्युम की मां, श्रीमती अनीता चंसौरिया ने उनके इस सफर में निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन दिया है। गौरतलब है कि प्रद्युम के छोटे भाई प्रांजल भी वर्तमान में इसी कॉलेज से अपनी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।









