इटारसी। राजपूत समाज इटारसी 2 एवं 3 फरवरी को एक भव्य राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। आज यहां पत्रकार भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस दो दिवसीय स्पर्धा में प्रदेश भर की 32 नामी टीमें (16 पुरुष एवं 16 महिला वर्ग) अपना दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता में इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इनामी राशि और व्यवस्थाएं
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में विजेता को 31,000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 21,000 एवं तृतीय पुरस्कार 15,000 रुपए, महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 15,000, द्वितीय पुरस्कार 7,000 एवं तृतीय पुरस्कार 5,000 रखा गया है। सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया के सहयोग से फुल ग्राउंड मैट उपलब्ध कराई गई है, जबकि नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने लाइट एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग दिया है।
ट्रॉफी का अनावरण और शुभारंभ
पत्रकार वार्ता के दौरान राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, राहुल चौरे व अन्य अतिथियों ने विजेता ट्रॉफियों का अनावरण किया। संचालन मनीष ठाकुर ने किया और पुरस्कारों की विस्तृत जानकारी मोती सिंह राजपूत ने दी। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन और पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ 2 फरवरी को विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा करेंगे।









