इटारसी। यदुवंशी यादव क्षत्रिय समाज जिला संरक्षण समिति नर्मदापुरम की एक महत्वपूर्ण बैठक तवा तट स्थित ग्राम सोनतलाई में हुई। इस बैठक में जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों ने शिरकत की। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी अक्षय तृतीया पर होने वाला निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन रहा।
कार्यक्रम 20 अप्रैल अक्षय तृतीया को ग्राम सोनतलाई में होगा जो निशुल्क और सार्वजनिक सहयोग से होगा। आयोजन की तैयारी के विषय में क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद यादव और कार्यक्रम संयोजक दिलीप यादव ने बताया कि बैठक में समाज के उत्थान और संगठन की मजबूती पर चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन समाज के आपसी सहयोग और चंदे के माध्यम से संपन्न होगा।
पंजीयन प्रक्रिया हुई शुरू
आयोजकों ने जानकारी दी कि विवाह हेतु वर-वधू के पंजीयन का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने सामाजिक लोगों से अपील की है कि वे अपने परिवार के विवाह योग्य युवक-युवतियों का पंजीयन सम्मेलन की तिथि से 15 दिन पूर्व आवश्यक रूप से करा लें, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की जा सकें।









