इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन की शुरुआत स्वयंसेविकाओं द्वारा प्रभात फेरी और योगाभ्यास से की गई।
युवा ही राष्ट्र निर्माण की धुरी : डॉ. मेहता
समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने छात्राओं में टीमवर्क, अनुशासन और सहनशीलता जैसे गुणों की सराहना की। मुख्य अतिथि जिला संगठक खत्री ने छात्राओं का उन्मुखीकरण करते हुए उन्हें एनएसएस की बारीकियों से अवगत कराया, जिससे उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में स्वयंसेवक जया तिवारी ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, शिक्षक चंद्रेश मालवीय व नेमा ने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी। छात्रा जया तिवारी और दुर्गेश्वरी मोरे ने शिविर के अनुभवों पर फीडबैक साझा किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लक्ष्मी ठाकुर की अनुशंसा पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
डॉ. एकता मालोनिया ने संचालन करते हुए सात दिवसीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का वरिष्ठ स्टाफ, जिला समन्वयक मित्रा और माता शबरी कन्या विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आशा मीणा उपस्थित रहीं।









