इटारसी। नर्मदांचल की आस्था का प्रमुख केंद्र, श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर इस वर्ष अपने 63वें श्री राम जन्म महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयार है। रविवार को मंदिर प्रांगण में आयोजित एक विशेष बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
1963 से चली आ रही इस भव्य परंपरा में इस वर्ष भी भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। रामकथा 19 मार्च चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से 27 मार्च राम नवमी तक, श्रीमद प्रयागपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ओंकारानंद सारसेटी महाराज करेंगे प्रतिदिन सायं 07 बजे से रात्रि 10 बजे तक। राम नवमी के अवसर पर अखाड़े, डंडा नृत्य और सांस्कृतिक झांकियों के साथ नगर में शोभायात्रा निकाली जाएगी।
समिति अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन ने बताया कि इस वर्ष का महोत्सव भव्य और दिव्य संकल्पना पर आधारित होगा। आयोजन को व्यापक बनाने के लिए नगर की अन्य मंदिर समितियों, सामाजिक संगठनों और नवरात्र उत्सव समितियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। समिति सचिव अभिषेक तिवारी ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी, वहीं संरक्षक प्रमोद पगारे ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण और चल समारोह में शामिल होने की अपील की। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चांडक, उपाध्यक्ष विष्णुशंकर पांडे, कोषाध्यक्ष प्रकाश मिश्रा सहित सतीश अग्रवाल, अशोक शर्मा, और बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।









