- दुर्गम पहाडिय़ों पर भारी त्रिशूल लेकर पहुंच रहे भक्त, प्रशासन की मुस्तैदी से सुलभ हो रहे महादेव के दर्शन
पचमढ़ी। सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी इन दिनों शिव भक्ति के रंग में सराबोर है। महादेव मेले के अवसर पर अपने आराध्य के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का अपार जनसमूह उमड़ रहा है। ढोल-नगाड़ों की थाप और हर-हर महादेव के नारों के बीच भक्त अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए भारी-भरकम त्रिशूल लेकर दुर्गम रास्तों को पार कर चौरागढ़ शिखर पहुंच रहे हैं।
कड़कड़ाती ठंड भी नहीं डिगा पाई हौसला
भक्तों का उत्साह ऐसा है कि कड़कड़ाती ठंड और रात के अंधेरे में भी चौरागढ़ की कठिन चढ़ाई करने वालों का तांता नहीं टूट रहा है। आस्था के प्रतीक बड़े-बड़े त्रिशूल हाथों में थामे श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए निरंतर शिखर की ओर बढ़ रहे हैं।
अपनों से बिछड़ों को मिला रहा ‘खोया-पाया केंद्र’
मेले की भीड़ में बिछडऩे वाले लोगों के लिए प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है।
- हाल ही में सिवनी निवासी 8 वर्षीय बालक शौर्य नायक और छिंदवाड़ा की आशा राठौर को उनके परिजनों से मिलवाया।
- सार्वजनिक संबोधन प्रणाली से निरंतर सूचनाएं प्रसारित कर खोया-पाया केंद्र श्रद्धालुओं के लिए मददगार साबित हो रहा है।
मुस्तैद प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशन में पूरा प्रशासनिक अमला जमीन पर मुस्तैद है।
निरीक्षण : जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन और एसडीएम आकिब खान पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
यातायात : पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अवैध वसूली और अतिरिक्त किराया लेने वालों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता दूतों का समर्पण
मेले में सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सफाई मित्र तड़के सुबह से ही मेला स्थल, दुकानों और शौचालयों की सफाई में जुट जाते हैं। कचरे के प्रभावी निष्पादन और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव से भक्तों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल रहा है।









