इटारसी । शहर में आज से मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल और सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं का विधिवत आगाज हो गया। सीबीएसई 10 वीं के विद्यार्थियों ने गणित का पेपर हल किया, वहीं मप्र बोर्ड 10वीं के छात्र अंग्रेजी के प्रश्नपत्र में शामिल हुए। सत्र 2026-27 की इन परीक्षाओं में इस बार कड़े नियमों और तकनीक का समावेश देखा जा रहा है
परीक्षा के कड़े नियम और नई तकनीक
- जैमर सिस्टम: नकल रोकने के लिए शहर के दो प्रमुख केंद्रों पर ‘जैमर’ स्थापित किए गए हैं।
- प्रतिबंध: परीक्षा केंद्र से 100 मीटर के दायरे में मोबाइल का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है।
- समय सीमा: विद्यार्थियों के लिए सुबह 8:00 बजे केंद्र पर उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
हाजिरी रिपोर्ट: 10 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
शहर के 6 प्रमुख केंद्रों पर कुल 1075 परीक्षार्थियों में से 1065 उपस्थित रहे, जबकि 10 विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए। पीएमश्री कन्या स्कूल में 226 में से 225 उपस्थित 1 अनुपस्थित, संदीपनी स्कूल पीपल मोहल्ला में सभी 207 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। मेहरागांव स्कूल में 118 में से 114 उपस्थित 4 अनुपस्थित, पुरानी इटारसी स्कूल में 149 में से 148 उपस्थित, 1 ग़ैर हाज़िर, फ्रेंड्स स्कूल में 189 में से 187 उपस्थित, 2 अनुपस्थित, सरस्वती शिशु मंदिर में 186 में से 184 उपस्थित, 2 अनुपस्थित रहे।
सुरक्षा और व्यवस्था पर सवाल
परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल के लिए उडनदस्ता (फ्लाइंग स्क्वाड) लगातार निरीक्षण कर रहा है। हालांकि, सुरक्षा को लेकर कुछ चिंताएं भी सामने आई हैं। केंद्रों पर पुलिस ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन धरातल पर पुलिस बल की अनुपस्थिति देखी गई। जिन केंद्रों पर केवल छात्राएं परीक्षा दे रही हैं, वहां सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता है।









