इटारसी। जिले के इटारसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेड़ा में गुरुवार दोपहर एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक बेलगाम तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही 8 वर्षीय मासूम बच्ची, शिवन्या रावत को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्ची फुटबॉल की तरह करीब 5 फीट हवा में उछली और फिर सड़क पर 15-20 फीट तक घिसटती चली गई। मानवता को शर्मसार करते हुए कार चालक बच्ची को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सांसों के लिए संघर्ष, हमीदिया में जंग
हादसे के तुरंत बाद परिजन शिवन्या को लेकर इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां भी सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे तत्काल भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया है। शिवन्या के सिर, चेहरे और छाती में गंभीर चोटें आई हैं और उसे सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ हो रही है।
मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घायल बच्ची के पिता राजू रावत, जो खेड़ा में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, इस अचानक आए संकट से गहरे सदमे में हैं। पूरा परिवार अस्पताल के बाहर अपनी लाडली की सलामती की दुआ मांग रहा है। स्थानीय लोगों में इस हिट-एंड-रन मामले को लेकर भारी आक्रोश है।
पुलिस की कार्रवाई, सीसीटीवी खंगाल रही टीम
इटारसी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है। थाना प्रभारी केएन रजक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि वाहन के नंबर और मॉडल की पहचान हो सके। परिजनों और चश्मदीदों के बयान के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक और वाहन की पहचान लगभग सुनिश्चित की जा रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।








