इटारसी। मध्यप्रदेश में पिछले चौबीस घंटों के दौरान मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, जिसका सीधा असर इटारसी और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह जब लोगों की नींद खुली, तो नजारा बदला हुआ था। रोज की तुलना में आज सुबह घना अंधेरा छाया रहा और आसमान गहरे काले बादलों से ढका नजर आया।
रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी
शहर में सुबह से ही बादलों ने डेरा डाल रखा है। सुबह करीब पौने 9 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ मिनटों तक चली। इसके बाद सवा नौ बजे दोबारा तेज बारिश शुरु हो गयी । बादलों की मौजूदगी और ठंडी हवाओं के चलने से वातावरण में ठंडक घुल गई है। बीती रात भी मौसम काफी सर्द रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में उत्तर प्रदेश से गुजरात होते हुए राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। इसी प्रभाव के कारण मध्यप्रदेश के अनेक जिलों सहित इटारसी में बादलों की आवाजाही और हल्की वर्षा देखी जा रही है। 22 फरवरी से एक नया और अधिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में दस्तक देगा। इसके प्रभाव से बादल और अधिक सक्रिय हो सकते हैं, जिससे बारिश की संभावना और प्रबल हो जाएगी।
आगामी दिनों का अनुमान
ठिठुरन बढ़ेगी : बादलों और हवाओं के कारण दिन के तापमान में कमी आएगी।
बारिश की संभावना : अगले 48 घंटों में इटारसी सहित नर्मदापुरम संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए अपनी फसलों का ध्यान रखें।









