सिवनी मालवा। फाल्गुन मास के पावन अवसर पर खाटू नरेश भगवान श्री श्याम बाबा की विशाल निशान यात्रा एवं भव्य कीर्तन का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन से संपूर्ण नगर का वातावरण शिव-मय और भक्तिमय हो गया।
निशान यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
निशान यात्रा का शुभारंभ नगर के प्राचीन नरसिंह मंदिर नीचे बाजार से हुआ। हाथों में बाबा श्याम का निशान (ध्वज) थामे श्रद्धालु जयकारों के साथ आगे बढ़े। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कार्यक्रम स्थल देवांश गार्डन पहुंची। ढोल-ताशों की थाप पर भक्त झूमते-गाते नजर आए, पूरे रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।
शाम को देवांश गार्डन में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजे पंडाल में बाबा का अलौकिक श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा। विधि-विधान से अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई और इत्र व पुष्प वर्षा के बीच भक्तों ने कतारबद्ध होकर दर्शन किए। राजनांदगांव की प्रसिद्ध भजन गायिका राधिका शर्मा और कटिहार के गायक आदर्श दाधिच ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सुन ले कन्हैया अर्जी हमारी, खाटू बुला रहा है, और कीर्तन की है रात बाबा जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नाचने लगे।
इस भव्य आयोजन में सचिन महेश्वरी, रितेश मालवीय, राजा तिवारी, विनीत राठी, जेएस खंडेलवाल, दीपक सोनी, चंद्र मोहन साबू, श्याम अग्रवाल, श्रीकांत अग्रवाल, पंकज सोनी, शेलू यादव, हर्ष महेश्वरी सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बाबा की महाआरती कर सभी को प्रसाद वितरित किया गया।









