इटारसी। जिले के रामपुर गुर्रा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से 31 वर्षीय युवक की दुखद मृत्यु हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर जान लेने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना मेन रोड स्थित रेत स्टॉक के सामने, पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतक की पहचान सहेन्द्र पिता शंभू रावत 31 वर्ष, निवासी रघुराजन नगर, जिला सतना के रूप में हुई है। चश्मदीदों के अनुसार, ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 05 एएच 1601 के चालक ने वाहन को अत्यंत तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सहेन्द्र को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सहेन्द्र को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना रामपुर गुर्रा के उपनिरीक्षक अनिल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वैधानिक कार्यवाही शुरू की।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक जीवन पिता लीलाधर 30 वर्ष, निवासी इटारसी, के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।







