सुखतवा/इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य क्लब द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और खान-पान के अंतर्संबंधों के बारे में विस्तार से बताया गया।
प्रमुख वक्ता के विचार
मुख्य वक्ता डॉ. सौरभ तिवारी ने ‘एंटी स्ट्रेस फूड’ पर व्याख्यान देते हुए बताया कि तनाव कम करने की दवा हमारी रसोई में ही मौजूद है।
तनाव कम करने वाले तत्व : केला, पालक, नट्स, ओट्स, डार्क चॉकलेट और शकरकंद जैसे खाद्य पदार्थों में ऐसे फ्लेवनॉयड्स पाए जाते हैं जो शरीर में कार्टिसोल यानी तनाव हार्मोन के स्तर को कम करते हैं।
प्रायोगिक सत्र
संचालन कर रहे डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज ने छात्रों को विशेष एक्टिविटी कराई। उन्होंने बताया कि भोजन से पहले मस्तिष्क को कैसे तैयार करें और भोजन के पश्चात वज्रासन के महत्व पर प्रकाश डाला, जो पाचन और मानसिक शांति दोनों के लिए अनिवार्य है। इस अवसर पर कॉलेज का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने तनाव मुक्त जीवन के लिए सही पोषण का संकल्प लिया।









