इटारसी। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को पुख्ता करने और रेल संपत्तियों की निगरानी के लिए रेल सुरक्षा बल अब आधुनिक तकनीक का कड़ा पहरा लगा रहा है। हाल ही में स्टेशन परिसर, यार्ड और गुड्स शेड क्षेत्र में ड्रोन कैमरों के माध्यम से सघन निगरानी की गई, जो यात्रियों और रेल कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
ड्रोन देखते ही भागे संदिग्ध
सुरक्षा व्यवस्था के दौरान स्टेशन के आउटर और पटरियों के आसपास अनाधिकृत रूप से घूमने वाले व्यक्तियों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब उन्होंने आसमान में ड्रोन को उड़ते देखा। पकड़े जाने के डर से कई संदिग्ध व्यक्ति मौके से भागते नजर आए। सूत्रों के अनुसार, आरपीएफ भोपाल मंडल आधुनिक संसाधनों का उपयोग यात्री सुरक्षा और अवैध गतिविधियों की धरपकड़ के लिए कर रहा है।
हाईटेक हुई आरपीएफ की कार्यप्रणाली
स्टेशन पर सुरक्षा के घेरे को और मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे कदम-
बॉडी वॉर्न कैमरा: आरपीएफ के जवान अब अपनी वर्दी पर कैमरे लगाकर गश्त कर रहे हैं।
साक्ष्य संकलन: इन कैमरों का मुख्य उद्देश्य आपराधिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखना और न्यायालय में पेश करने हेतु ठोस सबूत इकट्ठा करना है।
सतर्कता: इस नई कार्यप्रणाली से रेल यात्रियों में सुरक्षा का भाव बढ़ा है, वहीं अपराधियों के बीच भय का माहौल देखा जा रहा है।









