इटारसी। भोपाल के पुलिस ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट खेल महोत्सव में नर्मदापुरम संभाग की टीम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार जीत दर्ज की है। 22 से 26 फरवरी तक चले इस 100 घंटे के लगातार क्रिकेट महाकुंभ में टीम ने अपने दोनों मुकाबलों में एकतरफा जीत हासिल कर मेडल और प्रमाण पत्र प्राप्त किए।
वीआईपी उपस्थिति में हुआ आयोजन
इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था। वहीं, समापन समारोह के मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल रहे, जिन्होंने विजेता खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतिद्वंद्वी टीमों को टिकने नहीं दिया
नर्मदापुरम संभाग की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक खेल दिखाया। पहले मुकाबले में नर्मदापुरम ने भोपाल के सामने 128 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में भोपाल की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और मात्र 25 रनों पर पूरी टीम पवेलियन लौट गई। नर्मदापुरम ने यह मैच भारी अंतर से जीता।
दूसरे मुकाबले में नर्मदापुरम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्वालियर को 194 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्वालियर की टीम केवल 42 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
नर्मदापुरम संभाग की इस ऐतिहासिक जीत में नीलेश यादव, शेख हसन, डैनी पाल मधु, कल्लू यादव, सुनील मेहरा, बाबूलाल यादव और रितिक मसीह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और संभाग के नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाडिय़ों को बधाई दी है।









