- बागदेव संकरी पुलिया के पास हुआ हादसा
- कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, चालक पर मामला दर्ज
इटारसी। नेशनल हाईवे-46 पर बागदेव के पास एक तेज रफ्तार वाहन की लापरवाही ने एक कार सवार की जान जोखिम में डाल दी। शनिवार दोपहर को हुई इस दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी अशोक कुमार इंगले 50 वर्ष, निवासी पलकमती नगर, इटारसी अपनी कार क्रमांक एमपी 04 जीबी 0230 से केसला क्षेत्र की ओर जा रहे थे। दोपहर लगभग 3:30 बजे जब उनकी कार बागदेव स्थित एनएच-46 की संकरी पुलिया के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए कार को जोरदार टक्कर मार दी।
कार हुई क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचे सवार
टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक कुमार की कार का पिछला हिस्सा और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कार सवार सुरक्षित हैं। घटना की रिपोर्ट शाम 5:30 बजे केसला थाने में दर्ज कराई गई। केसला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत आरोपी चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस आरोपी वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।








