- अल्टो कार से सांडिया रोड पर हो रही थी तस्करी
- पुलिस ने 2.50 लाख का मशरूका किया बरामद
पिपरिया। होली के त्योहार को देखते हुए अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी के विरुद्ध पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण एस थोटा के मार्गदर्शन में पिपरिया पुलिस ने रविवार तड़के एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक अल्टो कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान पिपरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सांडिया की ओर से एक डार्क स्लेटी रंग की अल्टो कार एमपी 04 सीक्यू 4964 अवैध शराब लेकर पिपरिया की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सांडिया रोड स्थित चौधरी वेयर हाउस के पास मोर्चा संभाला। जैसे ही संदिग्ध कार आती दिखी, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
कार की डिग्गी में मिला जखीरा
कार चालक ने अपना नाम रोहित राय 32 वर्ष, निवासी होली चौक, बरेली, जिला रायसेन बताया। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी के अंदर से अंग्रेजी शराब बैकपाइपर (375 मिली) के 48 नग, 02 पेटी, देशी शराब लाल मसाला के 250 क्वार्टर, 05 पेटी, कुल मात्रा 63 लीटर अवैध शराब, कीमत लगभग 50,000 रुपये मिले। तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार कीमत लगभग 02 लाख रुपये जब्त की गई।
होली पर थी बेचने की तैयारी
पकड़े गए आरोपी रोहित राय ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह होली के त्योहार के दौरान ऊंचे दामों पर शराब बेचने के लिए तस्करी कर रहा था। पुलिस ने कुल 2.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफलता में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मानिक सिंह बट्टी, प्रधान आरक्षक पूनमचंद चौधरी, आरक्षक स्नेह साहू, ललित हरणे और प्रदीप सोनी की सराहनीय भूमिका रही।








