सिवनी मालवा। शासकीय कन्या महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आरके रघुवंशी प्राचार्य, कुसुम कॉलेज रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अशोक कुमार यादव एवं डॉ. मोहन गुर्जर उपस्थित थे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
प्रतिभाशाली छात्राएं हुईं सम्मानित
उत्सव के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया। प्रमुख पुरस्कार में मिस फ्रेशर निराली मिश्रा बीए प्रथम वर्ष, मिस फेयरवेल तनुदीप पालीवाल बीए तृतीय वर्ष, स्पोर्ट्स स्टूडेंट ऑफ द ईयर अंकिता मालवीय, स्टूडेंट ऑफ द ईयर रसाली गौर बीए द्वितीय वर्ष को सम्मानित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
छात्राओं ने समूह नृत्य, लोकनृत्य, देशभक्ति गीत और सामाजिक विषयों पर आधारित नाटकों की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम प्रभारी धीरेन्द्र दुब ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्राध्यापक मनोज कुमार प्रजापति, रजनीश जाटव सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।








