- काल बनकर आया ओवरब्रिज का मोड़, मंडीदीप के युवक की मौत, 3 दोस्त अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे।
- डिवाइडर फांदकर सामने से आ रहे वाहन से टकराई कार, बुदनी में आधी रात को मची चीख-पुकार।
- तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने ली एक की जान, बुदनी पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल।
नर्मदापुरम/बुदनी। नेशनल हाईवे पर स्थित गडरिया नाले के ओवरब्रिज पर देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। नर्मदापुरम से भोपाल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे वाहन से जा टकराई। इस टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए और एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ओवरब्रिज पर हुआ हादसा
हादसा इतना भीषण था कि कार सवार युवक अंदर ही फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और उप निरीक्षक संदीप जाट पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया।
मृतक और घायलों की पहचान
हादसे का शिकार हुए सभी युवक रायसेन जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो नर्मदापुरम से भोपाल की ओर जा रहे थे।
हादसे में मनीष उर्फ मिंटू वर्मा पिता हुकुमचंद, निवासी मंडीदीप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी जबकि गंभीर घायलों में कृष्णकांत वर्मा पिता हेमराज, मंडीदीप, देवेंद्र विश्वकर्मा पिता धनराज सिंह, बरेली और दीपेश शर्मा पिता महेश शर्मा, निवासी बरेली शामिल हैं।
पुलिस की सक्रियता से घायलों को तत्काल बुदनी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नर्मदापुरम जिला चिकित्सालय और मधुबन अस्पताल रेफर किया गया है। बुदनी पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच (विवेचना) शुरू कर दी है।







