इटारसी। शहर के इवेंजिलीकल लूथरन चर्च में 53 वां स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। वर्ष 1973 में स्थापित इस चर्च ने अपने गौरवशाली सफर के 52 वर्ष पूर्ण कर 53वें वर्ष में प्रवेश किया है। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग सम्मिलित हुए।
दिवंगत सदस्यों को किया याद
कार्यक्रम की शुरुआत विशेष आराधना और प्रार्थना के साथ हुई। इस दौरान कलीसिया के उन पूर्व सदस्यों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया, जिन्होंने चर्च की स्थापना और विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया और अब इस दुनिया में नहीं हैं। कलीसिया के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए वरिष्ठ सदस्यों का विशेष रूप से सम्मान भी किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चर्च के विभिन्न समूहों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। संडे स्कूल के नन्हे बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का उत्साह बढ़ाया। वहीं महिला समाज, भ्राता समाज और युवाओं ने भक्ति गीतों की विशेष प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर धर्ममय हो गया।
सेवा का गौरवशाली इतिहास
कलीसिया के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रेवरेंड स्व. सैमुअल राज ने यहां लगभग 37 वर्षों तक लंबी और अनुकरणीय सेवाएं दीं। उनके रिटायर होने के बाद रेवरेंड योगेश सिंह, रेवरेंड जॉनसन क्रूसो, रेवरेंड शिवराज मेहरा और रेवरेंड शांतवन लाल ने कलीसिया का मार्गदर्शन किया। वर्तमान में रेवरेंड राहुल दास अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई दी और चर्च की उन्नति व सुख-समृद्धि की कामना की।









