इटारसी। प्रदेश के आदिम जाति कल्याण एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य ने नर्मदा बचाओ आंदोलन के मुद्दे पर कांग्रेस नेता कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के बयान को विकास विरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि उनका बंदूक के बल पर विस्थापित करने जैसे बयानों की वे निंदा करते हैं और खडन भी। श्री आर्य सारणी नगर पालिका चुनावों में प्रचार के बाद भोपाल लौटते समय यहां रेस्ट हाउस में रुके थे, जहां मीडिया से चर्चा में उन्होंने यह बात कही।
श्री आर्य ने कहा कि विस्थापितों की समस्या का बेहतर से बेहतर निदान हो, सरकार यह प्रयास कर रही है। सरकार ने कम समय में विस्थापितों के हित में करीब एक दर्जन निर्णय किए हैं जिसे वहां की जनता ने स्वीकार भी किया है। कांग्रेस केवल भड़काऊ बयान दे रही है। उन्होंने कहा कि हम पहले दिन से ही कह रहे हैं और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश भी हैं। बड़वानी, अलीराजपुर विस्थापित हो चुके हैं, बड़वानी और धार के करीब 2014 लोग शिफ्ट हुए हैं, 4996 हैं उनको भी सीएम ने भोपाल बुलाकर नया रास्ता निकाला है, जो परिवार इस दायरे में नहीं आते थे, उनको भी नया पैकेज दिया है। मुख्यमंत्री ने और स्वयं मैंने कहा है कि एक भी विस्थापित को बिना उसकी सहमति के नहीं हटाया है और ना हटाया जाएगा। इसके बाद भी कमलनाथ जैसे नेता जो इतने जिम्मेदार पद पर हैं, उनका बयान कि हम जबरिया हटा रहे हैं, दुर्भाग्यपूर्ण है।
कमलनाथ का बयान विकास विरोधी : लालसिंह आर्य
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







