---Advertisement---

सारणी में शिवराज, चिचोली में कुणाल की सभा आज

By
On:
Follow Us

सारणी। नगर निकाय चुनावों की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, चुनावी शोरगुल भी बढ़ता जा रहा है और राजनैतिक दलों के दिग्गजों की सभाएं भी होना शुरु हो रही हैं। नगरीय निकाय चुनाव की चौसर बिछी हैं और यहां रोज ही शह और मात का खेल चल रहा है। आठनेर और चिचोली में निकाय चुनाव में भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र कपूर और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल शतरंज की सदी हुई चाल चलने लगे हैं। प्रभारी मंत्री लालसिंह आर्य ने सारणी नगर पालिका में भाजपा के अध्यक्ष और बैतूल विधायक के साथ 8 से ज्यादा चुनावी सभा और बैठकें ली। कुछ कार्यकर्ताओं की नाराजी संघ से संगठन में आये भाजपा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कपूर ने भांप ली और फिर वे सारणी में चुनावी रणनीति को तेज धार देने में लगे। भाजपा संगठन, सत्ता और संघ ने सारणी में मास्टर स्ट्रोक मारकर कांग्रेस के कई दिग्गजों को भाजपा में शामिल करा लिया। शनिवार को भाजपा के स्टार प्रचारक और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी सहारा लेना पड़ रहा है। पाथाखेड़ा में आमसभा से जाहिर हो गया है कि मिशन 2018 के मद्देनजर नगरीय निकाय चुनाव भाजपा की पहली प्राथमिकता बन गई है।
नगर पालिका सारणी में टिकट वितरण के बाद से असंतोष का सामना कर रही भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को बागियों से पसीना छूट रहा है। भाजपा में भारी असंतोष और अव्यवस्थाओं सेे प्रदेश भाजपा कार्यालय ने गुरुवार की देर शाम जिलाध्यक्ष जितेंद्र कपूर को सारणी में चुनावी कमान सौंप दी। श्री कपूर के चुनावी कमान संभालते ही सारणी भाजपा में अहम की लड़ाई खत्म होने के आसार दिखने लगे और झगड़ों और अव्यवस्थाओं को सुधारने की कवायद तेज हो गई है। यहां भाजपा में उत्तर भारतीयों के दो गुट हंै और दोनों में चुनाव में अहम की लड़ाई जग जाहिर हो गई है। दोनों गुट एक दूसरे की शिकवा शिकायतें कर रहे थे जिसके चलते चुनावी रणनीति फेल हो रही थी। राजनैतिक सूत्रों की मानें तो यहां विधायक की कार्य शैली से कार्यकर्ता नाराज हंै। ऐसे हालातो में प्रदेश कार्यालय ने चुनावी कमान भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र कपूर को सौंप दी। अब देखना होगा की विरोध की आग यहां कैसे ठंडी होती है।
चिचोली में कुणाल चौधरी
निकाय चुनाव में प्रचार अभियान को गति देने के लिए कांग्रेस की ओर से यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी को मैदान में उतारा जा रहा है। 5 अगस्त को श्री चौधरी के द्वारा चिचोली नगर परिषद में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया जाएगा और जन सभा को संबोधित भी करेंगे। नगर के रामलीला मंच पर शाम 6 बजे आमसभा का आयोजन रखा गया है। इधर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री की मदद ली जा रही है। 5अगस्त को सारणी नगर पालिका क्षेत्र के पाथाखेड़ा में मुख्यमंत्री की आमसभा हो रही है।
गायब हो गई चुनाव मैदान से जिला कांग्रेस
तीन नगरीय निकाय चुनाव हो रहे हैं लेकिन कहीं भी जिला कांग्रेस अब तक नजर नहीं आई है। कांग्रेस पार्टी के द्वारा बनाए गए कार्यवाहक अध्यक्ष और उनके समर्थक ही पार्टी के प्रत्याशियों के लिए पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष से लेकर उपाध्यक्ष और महामंत्री भी चुनाव से परहेज कर रहे हैं। अब तक जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने न तो किसी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने या फिर रणनीति बनाने की जहमत उठाई है और ना ही किसी अन्य पदाधिकारी ने अपनी सक्रियता दिखाई है। कुल मिलाकर जिले में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष विनोद डागा के समर्थक ही मैदान में डटे हुए नजर आ रहे है।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.