होशंगाबाद। कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा बैठक में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इससे बचाव करने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर स्वाईन फ्लू से पीड़ित मरीज मिले हैं, वहां शीघ्र कैंप लगा कर स्वाईन फ्लू से बचाव के लिये होम्योपैथिक दवा का वितरण करायें। उन्होंने इस संबंध में सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन को निर्देशित करते हुए कहा कि साधारण सर्दी जुकाम से पीड़ित मरीजों में स्वाईन फ्लू के लक्षण दिखाई पड़ने पर टेमी फ्लू देने के निर्देश समस्त चिकित्सकों को दें।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए अच्छा प्रदर्शन करने वाले विभाग पीएचई, वन, जनजाति कल्याण, सामाजिक न्याय आदि की प्रशंसा की। उन्होने निम्न प्रदर्शन वाले विभागों के अधिकारियों से शिकायतों के निराकरण में हो रहे विलंब के लिये स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने सभी विभागों को 500 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि जिले के सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन में अपना प्रदर्शन सुधार कर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों की सूची में स्थान प्राप्त करने के लिये प्रयत्न करें। प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 5 अधिकारियों को शासन की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये जायेंगे।
कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम, समय सीमा पत्रों, जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा, लाड़ली लक्ष्मी योजना, भरण पोषण अधिनियम, मूंग खरीदी, होशंगाबाद बस स्टैंड के विस्थापन, व्यावसायिक लोन की वसूली आदि विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा, सहायक कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े, संयुक्त कलेक्टर सुश्री टीना यादव एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिये कारगर उपाय करें – कलेक्टर
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







