होशंगाबाद।समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र में आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेस के माध्यम से 12 जिलों के आवेदकों के आवेदन पत्रों का निराकरण किया। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर सीएम हेल्पलाइन के आवेदन पत्रों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीएम हेल्पलाइन के आवेदन पत्रों के निराकरण में सितंबर माह में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के प्रकरणों के सीएम हेल्पलाइन में निराकरण पर प्रदेश में प्रथम आने पर होशंगाबाद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पीसी शर्मा को भी बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों को हर माह प्रशस्त पत्र दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसेवा गारंटी योजना की कलेक्टर नियमित समीक्षा करें। इसके प्रकरणों में देरी करने वाले अधिकारियों पर जुर्माना लगाते हुए तत्काल कार्यवाही करें। इस अधिनियम के तहत आम जनता को समय सीमा में सेवाएं देने के लिए हम सब लगातार प्रयास करें। इसके संबंध में 16 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे से आयोजित वीडियो कान्फ्रेसिंग में विस्तार से समीक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि कलेक्टर लापरवाह तथा भ्रष्ट कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में 6 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक पर्यटन पर्व मनाया जायेगा। इस अवधि में जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला पर्यटन प्रोत्साहन कॉन्सिल की बैठक आयोजित करें। जिले के किसी एक पर्यटन केन्द्र में पर्यटन को बढावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी किसानों को 16 अगस्त से खसरे की नि:शुल्क प्रतिलिपि देने का अभियान चलाया जा रहा है। सभी कलेक्टर एक नवम्बर तक इसका शतप्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव द्वारा संभागीय समीक्षा बैठकों से राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी आयी है। अब तक 5 लाख से अधिक प्रकरण निराकृत किये जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भावांतर भुगतान योजना के लिए पात्र सभी किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें। फसल बीमा, फसल कटाई प्रयोग तथा कम वर्षा के कारण उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए बनाई गई कार्य योजना पर भी तत्परता से कार्यवाही करें। बैठक में नि:शुल्क खसरा वितरण की जानकारी देते हुए कमिश्नर श्री उमाकांत उमराव ने कहा कि सभी जिलों में शतप्रतिशत वितरण विशेष अभियान विशेष ग्राम सभा के द्वारा किया जा चुका है। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से बैठक में आईजी श्री आर.के.गुप्ता, अपर कमिश्नर श्री आर.के. मिश्रा, कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया, पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द सक्सेना तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम हेल्पलाइन में जिला प्रथम, सीएम ने दी बधाई
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








