इटारसी। सुधार न्यास के अध्यक्ष के तौर पर शहर को कई विकास योजनाएं देने वाले अरविंद मालवीय ने जैविक बाजार में ग्राहकों की भीड़ और पसंद किये जाने वाले उत्पादों को देखते हुए कहा कि भविष्य में शहर के खानपान में काफी बदलाव आएगा और इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। श्री मालवीय वर्तमान में कई वर्षों से भोपाल में रहते हैं और रविवार को इटारसी आए थे। अचानक जैविक बाजार में पहुंचे श्री मालवीय ने भी यहां से जैविक सब्जियां, गुड़, दाल और अन्य उत्पाद खरीदे और जैविक बाजार की श्रंखला के लिए ग्राम सेवा समिति रोहना और निटाया के मार्गदर्शक प्रो. कश्मीर सिंह उप्पल, संस्कार गौर, राजेश शामली, प्रतीक शर्मा, रूपसिंह राजपूत को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश के साहू ने जैविक बाजार में आयी सब्जियां, कच्ची घानी तेल, अनाज, गुड़ आदि की तारीफ करते हुए कहा कि जैविक अपनाने का वक्त आ गया है। लगातार रसायनयुक्त खेती से उपजी सब्जियां और अनाज ने हमारे स्वास्थ्य पर विपरीत असर डाला है। अब जैविक की जो अलख ग्राम सेवा समिति ने जगायी है, उससे निश्चित ही शहर के साथ ही जिला स्तर पर पहुंचाकर लोगों को लाभान्वित किया जाना चाहिए। जैविक बाजार में आज विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल भी पहुंचे और किसानों से जैविक कृषि संबंधी जानकारी ली और भविष्य में जैविक उत्पादों की जरूरतों को पूरा करने के लिए किसानों से उत्पादन में बढ़ोतरी के साथ इसकी गुणवत्ता पर भी ध्यान देने को कहा। इस दौरान पूर्व पार्षद राकेश जाधव, मनोज गुड्डू गुप्ता, कांग्रेस नेता राजकुमार उपाध्याय ने भी ग्राम सेवा समिति को जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने की मुहिम के लिए शुभकामनाएं दीं।
Click to rate this post!
[Total: 0 Average: 0]
भविष्य में सुधरेगा शहर का खानपान : मालवीय

For Feedback - info[@]narmadanchal.com