इटारसी। कल्पना कीजिए, आप खेत में पानी दे रहे हों और अचानक आपके पैरों के पास साक्षात काल फन फैलाए बैठा दिखे। ग्राम गजपुर में किसान उमेश चौरे के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। कई दिनों से लुका-छिपी खेल रहे एक खतरनाक इंडियन कोबरा ने आज जैसे ही अपना असली रूप दिखाया, पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
किसान उमेश चौरे हर दिन की तरह अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। पानी की धार के बीच उनकी नजर एक ऐसी चीज पर पड़ी जिसे देख उनके रोंगटे खड़े हो गए। वहां करीब 4 फीट लंबा, काले रंग का कोबरा कुंडली मारकर बैठा था। यह वही सांप था जो पिछले कई दिनों से खेत में दिखाई दे रहा था, लेकिन आज वह सीधे हमले की मुद्रा में था।
सर्पमित्रों का जांबाज रेस्क्यू
उमेश चौरे की सूचना पर सर्पमित्र अभय चौरे ने टीम भेजी। वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के मार्गदर्शन में जांबाज सर्पमित्र अभिजीत यादव, मोहित मेहरा और सचिन दुलारे मौके पर पहुंचे। एक तरफ पानी का बहाव और दूसरी तरफ दुनिया का सबसे जहरीला न्यूरोटॉक्सिन कोबरा, जिसका एक दंश इंसान को संभलने का मौका तक नहीं देता। सर्पमित्रों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बड़ी चतुराई से उसे काबू किया।
जैसे ही सांप ने फन उठाकर फुंकार मारी, रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित दबोच लिया। मौत के इस सौदागर को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद सर्पमित्रों ने उसे आबादी से दूर घने वन क्षेत्र में ले जाकर आजाद कर दिया। सांप के जाते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सर्पमित्रों की बहादुरी की जमकर तारीफ की। सर्पमित्रों ने कहा कि कोबरा जैसे सांप बेहद खतरनाक होते हैं। सांप दिखने पर खुद हीरो न बनें, तुरंत विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना दें।









