- प्रशासन की चुप्पी ले सकती है किसी की भी जान
इटारसी। शहर के यार्ड से लेकर डीजल शेड और ग्राम भट्टी तक जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए डेथ जोन बन चुका है। यहां घूम रहे एक खूंखार लाल सांड ने आतंक मचा रखा है। ताजा घटना में इस सांड ने यूरिया लेकर जा रहे एक किसान की बैलगाड़ी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे किसान की पूरी मेहनत नाले में गिर गई और मूक पशु जख्मी हो गए।
किसान की जान पर बनी, नाले में गिरी बैलगाड़ी
ग्राम भट्टी से आ रहे किसान सरवन सिंह राजपूत अपनी बैलगाड़ी पर यूरिया की बोरियां लादकर खेत की ओर जा रहे थे। तभी अचानक इस आवारा सांड ने बैलों पर हमला बोल दिया। सांड इतना आक्रामक था कि उसने पूरी बैलगाड़ी को पलटकर पास के नाले में धकेल दिया। किसान सरवन सिंह ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसकी यूरिया की बोरियां नाले में गिर गई और बैल जख्मी हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड को खदेड़ा, तब जाकर किसान की जान बच सकी।
दो लोग पहले से अस्पताल में भर्ती
यह कोई पहली घटना नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस लाल सांड के हमले में ग्राम भट्टी के दो अन्य ग्रामीण पहले ही गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। दोनों को उपचार के लिए नर्मदापुरम में भर्ती कराना पड़ा है। डीजल शेड मार्ग पर रोज हजारों रेल कर्मचारी और ग्रामीण गुजरते हैं, जिनके सिर पर हर वक्त जान का खतरा मंडरा रहा है। हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस व्यस्त मार्ग पर लगातार हो रहे हमलों के बावजूद संबंधित अधिकारी कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने आक्रोश जताते हुए मांग की है कि इस हिंसक सांड को तुरंत पकड़कर कांजी हाउस भेजा जाए। आवारा पशुओं के कारण होने वाली इन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। यदि समय रहते इस सांड को यहां से नहीं हटाया गया, तो किसी भी दिन डीजल शेड रोड पर कोई बड़ी जनहानि हो सकती है।









