इटारसी। शहर से सटे ग्राम सांवलखेड़ा में एक रिहायशी मकान के कमरे में कोबरा प्रजाति का एक सांप छिपा होने की घटना से सनसनी फैल गई। सांवलखेड़ा के रहवासी चंद्रगोपाल मेहरा के घर में यह सांप उनके बालक की नजर में आया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत सर्प मित्र अभय चौरे को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन और सर्प विशेषज्ञ अभिजीत यादव के मार्गदर्शन में सर्पमित्र अभय चौरे अपनी टीम के सदस्य मोहित मेहरा और सचिन दुलारे के साथ बिना देरी किए मौके पर पहुंचे। तीनों सर्प मित्रों ने अत्यधिक सावधानी बरतते हुए कोबरा प्रजाति के इस सांप को सफलतापूर्वक सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद, इस जहरीले सांप को सुरक्षित रूप से वन परिक्षेत्र के एक उपयुक्त स्थान पर रिलीज कर दिया। सर्पमित्रों की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित खतरा टल गया और सांप की जान भी सुरक्षित रही।








