इटारसी। दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। श्री गुरु सिंह सभा स्टेशन रोड द्वारा आयोजित इस नगर कीर्तन में सिख समाज का उत्साह और अगाध श्रद्धा देखने को मिली।
फूलों से सजी पालकी और शौर्य का प्रदर्शन
नगर कीर्तन का प्रारंभ गुरुद्वारा परिसर से दोपहर 3:00 बजे हुआ। सबसे आगे ‘पंज प्यारे’ अगुवाई कर रहे थे, उनके पीछे फूलों से सुसज्जित विशेष वाहन पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान थे। वीर खालसा दल के सदस्यों द्वारा दिखाए गए हैरतअंगेज गतका (युद्ध कला) के प्रदर्शन ने नागरिकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।
स्कूल बच्चों का आकर्षण और संदेश
नगर कीर्तन में श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल के बच्चे एनसीसी और विशेष वेशभूषा में शामिल हुए, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। इस दौरान कीर्तन के माध्यम से समाज को भक्ति, स्वच्छता और महिला सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया।
इन मार्गों से गुजरा कीर्तन
नगर कीर्तन गुरुद्वारा परिसर से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, चिकमंगलूर चौराहा, रेस्ट हाउस, स्टेट बैंक तिराहा, सिंधी कॉलोनी, सूरजगंज चौराहा, सोनू बिंद्रा वाली गली, मालवीयगंज, पंजाबी मोहल्ला, सरकारी अस्पताल मार्ग, लक्कड़गंज और रेलवे स्टेशन होते हुए पुनः गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुआ।
पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत
शहर के मुख्य मार्गों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा की और गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सिख परिवारों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना कर प्रसाद का वितरण भी किया गया।
27 दिसंबर को मनेगा प्रकाश पर्व
गुरुद्वारा प्रबंध समिति ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारे में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं और मुख्य आयोजन 27 दिसंबर को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।









