इटारसी। शहर के भगत सिंह नगर वार्ड नंबर 25 में जनसहयोग से निर्मित ‘श्री केदारनाथ शिव मंदिर’ का लोकार्पण शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 को धूमधाम से संपन्न हुआ। युवा महाकाल सेवा समिति के तत्वावधान में मात्र 100 दिनों में तैयार इस मंदिर का स्वरूप पुणे के कलाकारों ने केदारनाथ धाम की तर्ज पर डिजाइन किया है।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन ललितपुर से आए विद्वान ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना, ध्वजारोहण और शिव पंचायत प्रतिमाओं की स्थापना कराई। शाम को महाआरती के पश्चात भंडारे का आयोजन किया।
समिति के सदस्य व पार्षद शुभम गौर ने बताया कि 50 वर्ष पुराना मंदिर जीर्ण-शीर्ण होने और बाढ़ के खतरे के कारण क्षेत्रवासियों ने सामूहिक पहल कर इसे सड़क से 7 फीट ऊंचा और भव्य रूप में निर्मित किया है। इस अवसर पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नपा अध्यक्ष पंकज चौरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।










