इटारसी। सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल तिलक सिंदूर प्रांगण में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। रात लगभग 3 बजे अज्ञात कारणों से बिजली के खंभे अचानक टूटकर गिर गए। गनीमत रही कि जिस वक्त यह घटना हुई, वहां मौजूद दुकानदार बाल-बाल बच गए, वरना कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी।
सुविधाओं का अभाव और प्रशासन की बेरुखी
स्थानीय समिति का कहना है कि तिलक सिंदूर में बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। समिति ने पूर्व में कई बार एसडीएम को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया है कि परिसर में एक स्थायी ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बिजली की व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। इसके अलावा, गार्डन के रखरखाव के लिए एक सुरक्षाकर्मी और माली की भी मांग की गई है ताकि क्षेत्र हरा-भरा और सुरक्षित रह सके।
वसूली में आगे, विकास में पीछे
क्षेत्रीय जनता और दुकानदारों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अमला हर साल महाशिवरात्रि मेले के दौरान दुकानदारों और जनता से भारी वसूली करता है। वसूली गई इस राशि का उपयोग विकास कार्यों में नहीं किया जा रहा है। जनता द्वारा दिए गए टैक्स और शुल्क के बदले उन्हें जर्जर व्यवस्थाएं और असुरक्षित माहौल मिल रहा है।
तत्काल कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद दुकानदारों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था नहीं सुधारी गई और मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं कराई गईं, तो भविष्य में किसी भी अनहोनी की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।









