पिपरिया। शहर के व्यस्त इलाके में महिला के साथ हुई चैन स्नैचिंग की वारदात को मंगलवारा पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले एक मुख्य आरोपी, एक किशोर और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार कर लिया है।
9 मार्च 2026 की शाम, पंचमढ़ी रोड निवासी श्रीमती अंजना चतुर्वेदी जब मीठी गली से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चैन झपटी और रफूचक्कर हो गए। फरियादिया की शिकायत पर थाना पिपरिया में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के आदेश दिए। एएसपी अभिषेक राजन और एसडीओपी मोहित कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई ।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान साकिब खान और एक किशोर के रूप में हुई। 9 मार्च की रात को ही पुलिस ने अंडर ब्रिज रेलवे पुलिया के पास घेराबंदी कर बाइक सहित आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने लूटी गई चैन शोभापुर रोड निवासी सुनार रितिक सोनी को बेच दी है। पुलिस ने दबिश देकर सुनार को भी आरोपी बनाया और उसके पास से घटना में प्रयुक्त करीब 02 तोला वजनी सोने की चैन बरामद की। इस त्वरित सफलता में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, एसआई राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, एएसआई सुशील कुशवाहा, प्रधान आरक्षक पूनमचंद, महेन्द्र गौर, अरूण जुदेव और आरक्षक प्रकाश खेमरिया सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।









