इटारसी। शहर में सड़कों के किनारे अनाधिकृत रूप से दुकान लगाने वालों के खिलाफ नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा, लेकिन इस दौरान एक महिला दुकानदार ने नपा कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। घटना के बाद नगर पालिका अध्यक्ष स्वयं कर्मचारी के समर्थन में सिटी थाने पहुँचे और प्राथमिकी दर्ज कराई।
अभियान के दौरान विवाद
बुधवार शाम करीब 4:30 बजे, नपा का अमला ओवर ब्रिज पर कंबल की दुकान लगाने वाले एक दुकानदार का सामान नगरपालिका के वाहन में भरकर सिटी थाने के पास मुख्य मार्ग पर लेकर आया। यहां उस दुकानदार के खिलाफ लगभग दो हज़ार रुपये जुर्माने की कार्रवाई की गई।
इसी कार्रवाई के दौरान, सिटी थाने के पास स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मार्ग पर कपड़ों की दुकान चलाने वाली रुकसाना नामक महिला ने कथित तौर पर गाली गलौज करते हुए अचानक नपा के एक कर्मचारी से मारपीट कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया।
नपा अध्यक्ष ने कराया मामला दर्ज
विवाद की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे शाम करीब 5 बजे सिटी थाने पहुँचे। उन्होंने कहा कि इस तरह की अभद्रता से कर्मचारियों का मनोबल गिरेगा और अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रभावित होगा।
नपा अध्यक्ष कर्मचारियों के साथ महिला दुकानदार रुकसाना के खिलाफ नगर पालिका के कर्मचारी से अभद्रता और मारपीट करने के आरोप में पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे।









