इटारसी। ओवरब्रिज पर पतंग उड़ाने में उपयोग किए जा रहे प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक भूपेंद्र सराठे की उगलियां कटीं और गर्दन पर भी हल्की खरोंच आईं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूपेंद्र सराठे अपनी शिक्षक पत्नी को छोड़ने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज पर हवा में लटका हुआ चाइनीज़ मांझा अचानक उनकी गर्दन और हाथ की उंगलियों में उलझ गया। मांझा इतना तेज था कि गर्दन कटते-कटते बची, वहीं हाथ की उंगलियों में भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार समय रहते मदद मिल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना ने एक बार फिर चाइनीज़ मांझे के खतरनाक उपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा प्रतिबंध के बावजूद शहर में खुलेआम चाइनीज़ मांझे का उपयोग किया जा रहा है, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज़ मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









