इटारसी। शहर के यार्ड रोड स्थित तीन पुलिया के पास मंगलवार रात एक युवती की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का शव खून से लथपथ हालत में मिला है, जिसकी हत्या भारी पत्थर से सिर कुचलकर की गई है। इस जघन्य वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा थोटा, एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा और इटारसी टीआई गौरव बुंदेला पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एस पी साईं कृष्णा थोटा ने बताया कि शाम को थाने में एक महिला की डैडबॉडी की सूचना थी, उसके सिर पर सीमेंट की बोरी मिली, जिसकी सीमेंट सूखकर पथरीली हो गई है। सिर कुचला हुआ है। डॉग स्क्वॉड से सर्चिंग कराई है, एफ एस एल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। डेड बॉडी को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति ज्यादा साफ होगी।
साक्ष्य जुटाने में जुटी एक्सपर्ट टीमें
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है। टी आई गौरव बुंदेला ने बताया कि युवती की उम्र करीब 20 वर्ष है। पुलिस मृतका की शिनाख्त करने के साथ-साथ यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती यहाँ कैसे पहुँची और इस वारदात के पीछे किसका हाथ है।










